महालया पर मनमोहक रोशनी और संगीतमय प्रस्तुतियों से गुलजार हुआ ईडन गार्डेन, लेजर और ड्रोन शो के जरिए देवी दुर्गा का भव्य स्वागत

कोलकाता, 10 अक्टूबर । महालया के पावन अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस में आयोजित भव्य मेगा इवेंट के साथ दुर्गा पूजा का शानदार आगाज हुआ। पश्चिम बंगाल में नए राजनीतिक बदलाव के बाद पहली बार आयोजित हो रही पूजा में रोशनी, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भगवती दुर्गा का भव्य स्वागत किया गया।
शनिवार शाम निर्धारित समय पर ढोल की गूंज, आदिवासी नृत्य और प्रख्यात गायिका लग्नजिता चक्रवर्ती के गीतों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी रेड रोड से भव्य शोभायात्रा के साथ ईडन गार्डंस पहुंचे। मंच पर अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता, लेखिका तसलिमा नसरीन समेत कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद थीं।

इवेंट के मुख्य आकर्षण के तौर पर एक अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया गया, जिसमें रेडियो पर महालया के प्रसारण से लेकर दशमी के दिन होने वाले सिंदूर खेळ तक की पूरी यात्रा को जीवंत किया गया। इसके बाद हजारों ड्रोनों की मदद से एक शानदार ड्रोन शो आयोजित किया गया, जिसमें आकाश में मां दुर्गा और कमल के फूल की आकृतियां उकेरी गईं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में शान, कौशिकी चक्रवर्ती, अंतरा मित्रा, शांतनु मोइत्रा और उनके समूह ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, जबकि इंस्ट्रुमेंटल संगीत ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
इस विशाल आयोजन के मद्देनजर शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कड़े प्रबंध किए गए थे। कोलकाता ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार स्ट्रांड रोड और सेंट जॉर्ज गेट रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *