देशभक्ति के रंग में रंगा केंदा, एनसीसी व छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा*

हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारों से गूंजा केंदा क्षेत्र, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

जामुड़िया। देश की आजादी के 80 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जामुड़िया के केंदा हाई स्कूल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।इस यात्रा में स्कूल के एनसीसी कैडेट्स के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश दिया।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ केंदा हाई स्कूल परिसर से हुआ।इसके बाद बैंड-बाजे और देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा केंदा पंचायत के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी।यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं पूरे अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर आगे बढ़ते रहे।हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।यात्रा में शामिल विद्यार्थियों में आजादी के त्यौहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। एनसीसी कैडेट्स ने यात्रा के दौरान अनुशासन और नेतृत्व का परिचय दिया।वहीं,स्कूल के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए यात्रा में शामिल रहे।इस अवसर पर स्कूल के एनसीसी प्रशिक्षक,शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अन्य कर्मियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।केंदा हाई स्कूल के एनसीसी शिक्षक संदीप दास ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता,त्याग और गौरव का प्रतीक है।युवा पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।तिरंगा यात्रा के दौरान केंदा पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना रहा। विद्यालय की ओर से आयोजित इस आयोजन ने विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *