‘भगवा भारत की आत्मा का रंग है’: तरुण विजय

कोलकाता, 10 अगस्त: लेखक एवं पूर्व सांसद तरुण विजय ने भगवा रंग को “भारत की आत्मा का रंग” बताते हुए कहा कि यह भारत की सनातन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सदियों से भारत की विभिन्न परंपराओं में भगवा रंग को श्रद्धा और सम्मान की दृष्टि से देखा जाता रहा है।

अपनी पुस्तक ‘Saffron Surge’ के कोलकाता विमोचन से पहले तरुण विजय ने भारतीय हॉकी टीम की नई भगवा जर्सी को लेकर हो रही आलोचनाओं पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भगवा भारत के सभ्यतागत मूल्यों में गहराई से रचा-बसा है। उन्होंने कहा, “भगवा भारत का सभ्यतागत रंग है। सनातन परंपरा के साथ-साथ सिख, जैन और बौद्ध परंपराओं में भी इसे अनादिकाल से श्रद्धा के साथ स्वीकार किया गया है।” आलोचकों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “केवल गजनवी की मूर्तिभंजक मानसिकता से प्रभावित लोग ही भगवा रंग को लेकर असहज महसूस करते हैं और यह बात स्पष्ट है।”

ध्यातव्य है कि ‘Saffron Surge’ की प्रस्तावना RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने लिखी है, जबकि पुस्तक की भूमिका RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने लिखी है। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य एवं इतिहासकार संजय सान्याल के साथ साथ प्रसिद्ध लेखक अमीश त्रिपाठी और वरिष्ठ सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने भी पुस्तक की प्रशंसा की है।

उपरोक्त आयोजन की जानकारी देते हुये संयोजक अरुण प्रकाश मल्लावत ने बताया कि पुस्तक का औपचारिक विमोचन 11 अगस्त को कोलकाता स्थित भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) में होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ RSS नेता भैयाजी जोशी, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री श्री शुभेन्दु अधिकारी तथा वित्त मंत्री श्री स्वपन दासगुप्ता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पाल तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रपौत्री सुश्री देवदत्ता चक्रवर्ती भी शामिल होंगी। कोलकाता में होने वाला यह विमोचन समारोह भारत की सभ्यता, सांस्कृतिक पहचान और भगवा रंग के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर केंद्रित विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *