
लाभार्थी संपर्क अभियान कार्यशाला में बोले—भाजपा का सबसे मजबूत स्तंभ हैं बूथ स्तर के कार्यकर्ता, घर-घर पहुंचाएं सरकार की योजनाओं का संदेश
आसनसोल। आसनसोल के रवीन्द्र भवन में आयोजित ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ कार्यशाला में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठनात्मक मजबूती का संकल्प देखने को मिला। कार्यक्रम में राजस्थान के खंडार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं आसनसोल जिले के विधानसभा चुनाव प्रवासी जितेंद्र गोठवाल ने शिरकत कर शक्ति केंद्र स्तर तक के कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया और उन्हें संगठन को और मजबूत करने का मंत्र दिया।
कार्यक्रम में पीएचई एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय कुमार पोद्दार, आसनसोल जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, जमुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, पांडेश्वर विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी विधायक अरिजीत राय, जिला प्रभारी विवेक रांगा, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम के संचालक अपूर्व हाजरा, काकली घोष सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वादा किया था, इसलिए आसनसोल आया हूं : गोठवाल
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जितेंद्र गोठवाल ने आसनसोल जिले की सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए आसनसोल की जनता, पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने आसनसोल के कार्यकर्ताओं से वादा किया था कि यदि जिले की सभी सातों विधानसभा सीटें भाजपा की झोली में आती हैं, तो वह स्वयं आसनसोल पहुंचकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करेंगे। “मैंने उस समय जो वादा किया था, आज उसे पूरा करने के लिए आपके बीच आया हूं। यह जीत मेरी नहीं, बल्कि आसनसोल के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और तपस्या की जीत है।”
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बूथ से लेकर शक्ति केंद्र और मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं ने जिस जुनून और प्रतिबद्धता के साथ काम किया, उसी का परिणाम है कि आसनसोल जिले की सातों सीटों पर भाजपा ने विजय का परचम लहराया।
‘कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत’
गोठवाल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी पार्टी की ताकत हैं। भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से खड़ी हुई विचारधारा आधारित संगठन है। यहां बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता। पार्टी के लिए समर्पण भाव से काम करने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। जमीनी स्तर पर लगातार मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी जिम्मेदारी देकर उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाती है।
लाभार्थियों तक पहुंचे योजनाओं का संदेश
‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ की महत्ता पर जोर देते हुए गोठवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लाभार्थियों से संपर्क करने, उनकी समस्याओं को समझने और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत संवाद ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें और उनके सुख-दुख में सहभागी बनें।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, लाभार्थी संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा जनता के विश्वास को और अधिक मजबूती देने का संकल्प लिया।
