
रानीगंज। छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना की पहल पर बल्लभपुर रामगोपाल सराफ विद्यापीठ में एक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर ठगी, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निमचा फाड़ी की प्रभारी नसरिन सुल्ताना ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न करता है तो बिना किसी भय के इसकी जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को दें। उन्होंने किशोरियों के साथ होने वाले शारीरिक एवं यौन उत्पीड़न से बचाव, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी। बल्लभपुर फाड़ी के प्रभारी पार्थ चक्रवर्ती ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी, बैंक खाता या अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए। शिविर में बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक शांतनु राय सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रह।प्रधानाध्यापक ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और कानून संबंधी जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। वहीं छात्राओं ने भी कहा कि इस जागरूकता कार्यक्रम से उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं, जिनका लाभ उन्हें भविष्य में मिलेगा। रानीगंज थाना की ओर से बताया गया कि कोयलांचल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं छात्राओं ने इस जनजागरूकता अभियान के लिए रानीगंज थाना तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट का आभार व्यक्त किया।
