पश्चिम बर्दवान के समग्र विकास को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

आसनसोल। पश्चिम बर्दवान जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को जिला शासक कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पश्चिम बंगाल सरकार की नगर विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने की। बैठक में जिले में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति, आधारभूत संरचना के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला शासक एस पोन्नाबलम, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, जामुड़िया विधायक डॉ बिजन मुख़र्जी रानीगंज विधायक पार्थ घोष , दुर्गापुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता पश्चिम बर्दवान जिले का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास परियोजनाओं के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और प्रत्येक योजना का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होना चाहिए। समीक्षा बैठक में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच विकास का संतुलन बनाए रखने, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा आधुनिक एवं सतत विकास मॉडल को अपनाते हुए जिले में आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी सहमति व्यक्त की गई। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास तभी प्रभावी होगा, जब योजनाएं समय पर धरातल पर उतरें और उनका प्रत्यक्ष लाभ आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी विकास परियोजनाओं की रूपरेखा पर भी विचार किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक को पश्चिम बर्दवान जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और तय की गई कार्ययोजना से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *