
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
पांडवेश्वर। आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने पांडवेश्वर के जोआलबंगा क्षेत्र के बूथ संख्या 113 एवं 114 में जनता दरबार का आयोजन किया। ‘जनता की आस्था, हमारी जिम्मेदारी’ संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं तथा मांगों से विधायक को अवगत कराया। विधायक को अपने बीच पाकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जनता दरबार के दौरान विधायक जितेंद्र तिवारी ने एक-एक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, सरकारी योजनाओं के लाभ, पेंशन तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। विधायक ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि अन्य शिकायतों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जनता दरबार केवल शिकायतें दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक की आवाज सीधे प्रशासन तक पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान विधायक जितेंद्र तिवारी ने विकास और सामाजिक सौहार्द को लेकर महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “काम करते समय यह नहीं देखना है कि सामने वाला भाजपा, तृणमूल कांग्रेस, माकपा या कांग्रेस का समर्थक है। जाति, धर्म और भाषा के आधार पर भी कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। चुनाव जीतने के बाद विधायक केवल किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधि होता है।” उन्होंने आगे कहा कि यदि चुनाव के दौरान किसी प्रकार का मतभेद या कटुता रही हो तो उसे अब भुलाकर क्षेत्र के विकास के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और पांडवेश्वर के समग्र विकास के लिए सभी राजनीतिक और सामाजिक मतभेदों से ऊपर उठकर काम करने की आवश्यकता है। विधायक के इस वक्तव्य का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। स्थानीय ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जनता दरबार जैसी पहल से उनकी वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी तथा जनप्रतिनिधि और आम जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत होगा।
