डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर ‘हेल्पिंग हैंड फॉर आनंद अभियान’ का शुभारंभ, 500 बच्चों को मिली अध्ययन सामग्री

शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य करेगी संस्था

रानीगंज। भारत केसरी एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को रानीगंज के शिशुबागान स्थित नजरुल मंच में नई सामाजिक संस्था ‘हेल्पिंग हैंड फॉर आनंद अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में संस्था की ओर से उपस्थित अतिथियों का उत्तरीय ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लगभग 500 बच्चों के बीच कॉपी, पेन, पेंसिल सहित विभिन्न प्रकार की अध्ययन सामग्री तथा फूड पैकेट वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और अभिभावकों ने संस्था की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर संस्था के सह-संस्थापक रोहित सोनी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के पावन अवसर पर संस्था की शुरुआत करना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना तथा उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग करना है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य में बाधा न बने। उन्होंने बताया कि शुभारंभ के अवसर पर 500 से अधिक बच्चों के बीच अध्ययन सामग्री वितरित की गई है। आने वाले दिनों में संस्था शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित करेगी।
संस्था के अध्यक्ष आनंद चौरसिया ने कहा कि संगठन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के उत्थान, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और महिला सशक्तिकरण जैसे जनहित के कार्यों को भी व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़कर सहयोग करने की अपील भी की। कार्यक्रम में अर्चना हाजरा, भाजपा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष शमशेर सिंह, उपाध्यक्ष तुषार कांति बनर्जी, जिला कमेटी सदस्य मनोज ओझा, विश्व हिंदू परिषद जिला सह-सचिव तेजप्रताप सिंह, रानीगंज प्रखंड सचिव विश्वजीत गोराई, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोनू वर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष तपन चक्रवर्ती, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संजय सिंह, जैकी बधानी, संस्था के संस्थापक संजय सिंह, सह-संस्थापक रोहित सोनी, अध्यक्ष आनंद चौरसिया, सचिव भीम चौरसिया, सह-सचिव दीपक चंदलिया, उत्तम स्वर्णकार सहित संस्था एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाजसेवा के संकल्प और जरूरतमंदों की सहायता के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *