
जामुड़िया। भारत केसरी, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को आसनसोल संगठनात्मक जिला के जामुड़िया मंडल-2 भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से श्यामला क्षेत्र के 36 गोंडा गांव में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, महिलाएं, बच्चे एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय भाजपा कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष देवाशीष दुबे के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसने 36 गोंडा गांव के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, देश की एकता और अखंडता के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर मंडल-2 भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष देवाशीष दुबे ने कहा कि प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों पर चलने तथा समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।देवाशीष दुबे ने बताया कि जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर कई क्लबों का उद्घाटन भी किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा ले सके।कार्यक्रम में भाजपा नेता राजू मंडल, सुमित पाल, सुजय बाद्यकर, राजीव बाउरी, बाबन घोष, सुकुराम माझी, मुकेंग डांगर सहित जामुड़िया मंडल-2 एवं श्यामला क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
