ऑनलाइन ठगी नेटवर्क के मामले में ईडी की छापेमारी

 

 

मुर्शिदाबाद, 28 सितंबर । जिले के सागरीदिघी इलाके में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने सागरीदिघी थाना क्षेत्र के काबिलपुर इलाके में सोहेल शेख नामक युवक के घर पर तलाशी अभियान चलाया। केंद्रीय बलों की सुरक्षा के बीच ईडी अधिकारियों ने घर के अंदर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन ठगी के एक नेटवर्क से सोहेल शेख के संबंध होने के आरोपों की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है। सुबह अचानक ईडी की टीम के पहुंचने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केंद्रीय बलों ने घर के आसपास लोगों की आवाजाही नियंत्रित रखी।

बताया गया है कि ईडी की करीब तीन सदस्यीय टीम केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के साथ काबिलपुर स्थित सोहेल शेख के घर पहुंची। घर के विभिन्न हिस्सों में तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने कथित तौर पर कुछ दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की। हालांकि छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सूत्रों के मुताबिक, ऑनलाइन ठगी से जुड़े वित्तीय लेनदेन और उससे जुड़े संभावित संपर्कों की जांच के तहत ईडी की यह कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी सोहेल शेख से जुड़े बैंक खातों, लेनदेन और अन्य वित्तीय गतिविधियों की भी पड़ताल कर सकती है।

फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई को लेकर काबिलपुर सहित पूरे सागरीदिघी इलाके में चर्चा तेज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *