मल्लिका शेरावत की अदाओं पर फिदा हुए हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज

करण जौहर का रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया सीजन-2’ शुरू होने से पहले ही सुर्खियों में आ गया है। शो में अभिनेत्री मल्लिका शेरावत भी बतौर प्रतियोगी नजर आएंगी और उन्होंने एक एपिसोड के दौरान ऐसा दावा किया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। मल्लिका ने हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज के साथ अपनी कथित नजदीकियों को लेकर बात करते हुए संकेत दिया कि अभिनेता उन्हें पसंद करते हैं और उन्हें निजी तौर पर मैसेज भी करते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, शो के दौरान प्रतियोगी आदित्य कुलश्रेष्ठ ने मल्लिका से पूछा कि क्या उन्हें कभी किसी पर क्रश हुआ है या फिर हर किसी को उन पर क्रश रहा है। इस पर मल्लिका ने जवाब दिया, “हर किसी को मुझ पर क्रश रहा है। हाल ही में टॉम क्रूज को भी मुझ पर क्रश हुआ है। मैं झूठ नहीं बोल रही। अगर मेरे पास फोन होता, तो मैं आपको उनके वीडियो दिखा देती।” जब उनसे पूछा गया कि टॉम उन्हें किस तरह के वीडियो भेजते हैं, तो मल्लिका ने साथ में पार्टी करने का जिक्र किया और उन्हें बेहद शानदार बताया।

हालांकि, मल्लिका शेरावत के इस दावे पर टॉम क्रूज या उनकी टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अभिनेत्री का बयान फिलहाल चर्चा का विषय बना हुआ है। ‘द ट्रेटर्स इंडिया 2’ की बात करें, तो शो का प्रीमियर 13 अगस्त से होगा। करण जौहर की मेजबानी वाले इस सीजन में मल्लिका के अलावा कई चर्चित हस्तियां हिस्सा ले रही हैं। शो के नए एपिसोड हर गुरुवार को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *