श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवभक्ति में डूबा रानीगंज, जोड़ा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

रानीगंज। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को रानीगंज पूरी तरह शिवमय हो उठा। प्राचीन एवं ऐतिहासिक जोड़ा शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए सोमवार तड़के से ही हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही रानीगंज तथा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त दामोदर नदी से पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए जोड़ा शिव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर सुबह से ही श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा विश्व शांति एवं कल्याण की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनुपम वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन एवं मंदिर समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे दर्शन एवं जलाभिषेक का क्रम सुचारु रूप से चलता रहा। श्रावण के प्रथम सोमवार के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी सेवा भाव का परिचय देते हुए शहर के अलग-अलग स्थानों पर सेवा शिविर लगाए। एनएसबी रोड पर युवा उड़ान एवं विश्व हिंदू परिषद, रानीगंज शाखा द्वारा कांवड़ियों के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। वहीं शिशु बागान में शिव शक्ति जन सेवा संस्था, श्री श्री कान्यकुब्ज स्वर्णकार सेवा समिति, रानीगंज श्याम बाल मंडल ट्रस्ट तथा अन्य सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शिविर लगाए। इन सेवा शिविरों में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के बीच शीतल पेयजल, शरबत, बिस्कुट, चॉकलेट, बूंदी, झालमुड़ी तथा पूजन सामग्री का वितरण किया गया। स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ दिनभर श्रद्धालुओं की सेवा की, जिससे लंबी पैदल यात्रा कर आने वाले शिवभक्तों को काफी राहत मिली। शिशु बागान स्थित शिव शक्ति जन सेवा संस्था के शिविर में विशेष आकर्षण देखने को मिला। यहां शिव भक्त मंडल के सदस्यों ने भगवान शिव का स्वरूप धारण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। भगवान शिव के स्वरूप में सजे कलाकार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ हाथ मिलाया, आशीर्वाद लिया तथा स्मृति के रूप में सेल्फी और तस्वीरें खिंचवाकर इस धार्मिक आयोजन को यादगार बनाया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर रानीगंज में आस्था, सेवा और सामाजिक समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की, वहीं दूसरी ओर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता का संदेश दिया। पूरे दिन शहर का वातावरण शिवमय बना रहा और हर ओर “बोल बम” तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *