
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-29 स्थित बोहाल बाजार में आधुनिक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (यू-एच एंड डब्ल्यूसी) के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना का शिलान्यास आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तथा आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 29 के पार्षद गौरव गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। नगर निगम के अंतर्गत बनने वाले इस स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य आदेश संख्या MED/ASAN/478/U-H&WC-I/2022, Pt-II के तहत कराया जाएगा।परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी आर.एस. कंस्ट्रक्शन को सौंपी गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 34 लाख 69 हजार 722 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि स्वीकृत टेंडर राशि 31 लाख 9 हजार 911.69 रुपये है। शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बोहाल बाजार में बनने वाला अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस केंद्र के शुरू होने के बाद लोगों को प्राथमिक उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी विकसित समाज की आधारशिला होती हैं और सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस परियोजना के पूरा होने से बोहाल बाजार सहित आसपास के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा उन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वही आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 29 के पार्षद गौरव गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग थी कि वार्ड में एक आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाए। अब इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र के निर्माण से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं सामान्य मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, गैर-संचारी रोगों की जांच, परामर्श सेवाएं तथा अन्य प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया। उनका कहना था कि स्वास्थ्य केंद्र बनने से इलाज के लिए अनावश्यक भागदौड़ कम होगी और लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। शिलान्यास कार्यक्रम के साथ ही निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया। उम्मीद जताई जा रही है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा और बोहाल बाजार सहित आसपास के हजारों नागरिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
