आसनसोल में 58वीं पश्चिम बंगाल राज्य शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ, सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, मंत्री डॉ. अजय पोद्दार और विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी हुए शामिल

आसनसोल। आसनसोल राइफल क्लब के तत्वावधान में आयोजित 58वीं पश्चिम बंगाल राज्य शूटिंग चैंपियनशिप–2026 (राइफल एवं पिस्टल) का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। 3 अगस्त से 9 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन के संरक्षण में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री डॉ. अजय पोद्दार तथा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान तीनों जनप्रतिनिधियों ने राइफल से निशाना लगाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। एक ही मंच पर विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। इस वर्ष का आयोजन कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि आसनसोल राइफल क्लब अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का अमृत वर्ष भी मना रहा है। प्रतियोगिता के दौरान राइफल एवं पिस्टल वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए आयोजकों द्वारा आधुनिक सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की गई है। इस अवसर पर सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की कि सांसद निधि से आसनसोल राइफल क्लब में एक आधुनिक हॉल के निर्माण के लिए सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के आयोजन में सुविधा मिलेगी। राज्य के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि परियोजनाओं की नियमित निगरानी हो सके और खेल अवसंरचना को मजबूत बनाया जा सके। विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि आसनसोल राइफल क्लब ने देश को कई प्रतिभाशाली निशानेबाज दिए हैं। उन्होंने क्लब से जुड़े स्वर्ण पदक विजेता अभिनव साव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आसनसोल का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि क्लब को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि आसनसोल के विकास के लिए सांसद और विधायक मिलकर बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के कार्य करेंगे। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म जगत की इतनी बड़ी हस्ती का आसनसोल का प्रतिनिधित्व करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से आसनसोल खेल, शिक्षा और आधारभूत विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखा गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता राज्य के उभरते निशानेबाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगी और पश्चिम बंगाल में शूटिंग खेल को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *