
रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जनसुविधाएं अधिक सुलभ और त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को रानीगंज के पंजाबी मोड़ के समीप नवनिर्मित ‘विधायक सेवा केंद्र’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पुरुलिया के सांसद एव प्रदेश महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो,रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, राज्य के मंत्री अजय पोद्दार, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय पश्चिम बर्दवान जिला भाजपा अध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विधायक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और उत्सव का माहौल देखने को मिला। उद्घाटन से पूर्व विधायक पार्थ घोष ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ सेवा केंद्र में पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां वितरित कर शुभारंभ का उत्सव मनाया गया। इस विधायक सेवा केंद्र के माध्यम से रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के नागरिक विभिन्न जनहित से जुड़े कार्यों, सरकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन, शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन, जनप्रतिनिधि कार्यालय से आवश्यक सहायता तथा अन्य प्रशासनिक सहयोग एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य आम जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक पार्थ घोष ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यालय नहीं, बल्कि पूरी तरह से विधायक सेवा केंद्र है, जहां रानीगंज विधानसभा क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर आ सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रानीगंज के बाद शीघ्र ही अंडाल क्षेत्र में भी एक और विधायक सेवा केंद्र खोला जाएगा, ताकि वहां के लोगों को भी इसी प्रकार की सुविधाएं आसानी से मिल सकें।वहीं, पुरुलिया के सांसद एवं प्रदेश महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कहा कि इस केंद्र को पूरी तरह जनसेवा की भावना से संचालित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी दल विशेष का कार्यालय नहीं होगा, बल्कि राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को यहां आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सभापति सिंह मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, दिनेश सोनी, मनु वर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।रानीगंज में विधायक सेवा केंद्र की शुरुआत को स्थानीय लोगों ने एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उपस्थित नागरिकों ने आशा व्यक्त की कि इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की जनता को प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधि स्तर की विभिन्न सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक सरल, पारदर्शी और शीघ्र उपलब्ध होंगी, जिससे आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
