संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर आसनसोल में निकली भव्य कलश यात्रा, समरसता और मानवता का दिया संदेश

घाघर बुड़ी मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही उल्लेखनीय उपस्थिति

आसनसोल। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आसनसोल में श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का भव्य उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशाल कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के समापन पर घाघर बुड़ी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के जीवन, उनके आदर्शों और समाज सुधार के लिए किए गए योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने समानता, मानवता, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है। उनके विचार सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समरस, सशक्त और संवेदनशील समाज के निर्माण की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
इस गरिमामय आयोजन का आयोजन आसनसोल जिला इकाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, बाराबनी के विधायक अरिजीत रॉय सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *