भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ श्याम का टाबरिया का तृतीय वार्षिक सावन महोत्सव

शीश दान की दिव्य झांकी, पुष्प श्रृंगार, छप्पन भोग और भजनों की अमृत वर्षा में देर रात तक झूमते रहे श्याम भक्त

बराकर। श्याम का टाबरिया संस्था की ओर से तृतीय वार्षिक सावन महोत्सव का भव्य आयोजन अग्रसेन भवन के सभागार में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में खाटू वाले श्याम बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा शीश दान की दिव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसके माध्यम से शीश के दानी श्रीश्याम बाबा की महिमा का भावपूर्ण चित्रण किया गया। इसके बाद बाबा का मनमोहक पुष्प श्रृंगार किया गया तथा अखंड ज्योति प्रज्वलित कर छप्पन भोग अर्पित किया गया।


महोत्सव में सुप्रसिद्ध भजन गायक लव अग्रवाल ने अपनी मधुर एवं ओजपूर्ण प्रस्तुति से पूरे सभागार को भक्तिरस में डुबो दिया। उन्होंने “जिसे श्याम ने बुलाया वो यहाँ है”, “हमको तो आसरा है ऐ श्याम खाटू वाले” तथा “थे तो श्याम बाग में झूला, झूलन चलो जी सांवरिया, महीनों आयो सावन को” जैसे एक से बढ़कर एक लोकप्रिय श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्याम प्रेमी भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा सभागार “जय श्रीश्याम” के जयघोष से गुंजायमान हो गया।


महोत्सव में शिल्पांचल एवं कोयलांचल से बड़ी संख्या में पहुंचे श्याम श्रद्धालुओं ने बाबा के श्रीचरणों में अपनी हाजिरी लगाई तथा भजनों की अमृत वर्षा का आनंद लेते हुए बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।


कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अनुभव गोयल, चेतन गाड़ोदिया, आयुष पोद्दार, जयेश जलान, किशन अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, रचित जलान, ध्रुव माखरिया एवं कौशल गोयल सहित सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। उनके समर्पण और सहयोग से सावन महोत्सव भक्ति, सेवा और संगठन का एक यादगार उत्सव बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *