
आसनसोल। आसनसोल के बर्नपुर स्थित रिवरसाइड स्कूल में आयोजित अंतरराज्यीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, शिक्षक, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद मंत्री अग्निमित्रा पाल खिलाड़ियों से मिलीं और उनका उत्साहवर्धन किया। इसी दौरान वह स्वयं मैदान में उतरीं और बच्चों के साथ हैंडबॉल खेलते हुए गेंद पर शानदार शॉट लगाकर गोल किया। मंत्री के इस खेलप्रेमी अंदाज पर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खिलाड़ियों और दर्शकों ने उनके इस कदम का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। मंत्री की सहभागिता ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों के बीच उतरकर खेलना और उनका मनोबल बढ़ाना जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक पहल है। मंत्री का यह अंदाज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
