
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिंचुड़िया गांव के नीचू पाड़ा में रहने वाले एक असहाय बुजुर्ग दंपति की वर्षों पुरानी आवास संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी के हस्तक्षेप के बाद ब्लॉक प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही दंपति को तत्काल राहत के रूप में तिरपाल और राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। जानकारी के अनुसार, चिंचुड़िया गांव के निवासी सुब्रतो बनर्जी दृष्टिहीन होने के साथ-साथ सुनने में भी असमर्थ हैं, जबकि उनकी पत्नी संध्या बनर्जी दिव्यांग हैं। दोनों अत्यंत दयनीय आर्थिक परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे हैं। परिवार के सामने दो वक्त के भोजन की व्यवस्था करना भी चुनौती बना हुआ है। वहीं सिर पर पक्की छत नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में दंपति ने बंगला आवास योजना के तहत अपना पंजीकरण कराया था। योजना की पहली किस्त मिलने के बाद मकान निर्माण का कार्य शुरू हुआ, लेकिन दूसरी किस्त जारी नहीं होने के कारण छत की ढलाई अधूरी रह गई। इसके चलते उनका घर आज भी अधूरा है और बारिश के दौरान पानी सीधे घर के भीतर टपकता है। इस मामले की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने तत्काल जामुड़िया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भास्कर विश्वास को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश पर संयुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी नाज़िमुल हक अन्य अधिकारियों के साथ बुजुर्ग दंपति के घर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आवास योजना से संबंधित सभी दस्तावेजों और स्थिति का सत्यापन करते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान प्रशासन की ओर से दंपति को तत्काल राहत के रूप में तिरपाल और राशन सामग्री भी प्रदान की गई, ताकि बरसात के मौसम में उन्हें कुछ राहत मिल सके। विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि बनर्जी दंपति बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन बिता रहे हैं। उन्होंने बताया कि बंगला आवास योजना के अंतर्गत कुछ आवश्यक सरकारी औपचारिकताएं शेष थीं, जिन्हें अधिकारियों की मौजूदगी में पूरा करा लिया गया है। अब पूरा मामला प्रक्रिया में है और सत्यापन पूर्ण होते ही दंपति को आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा, ताकि उनके सिर पर स्थायी पक्की छत उपलब्ध हो सके। साथ ही पात्रता के अनुसार उन्हें सरकारी भत्तों का लाभ भी सुनिश्चित कराया जाएगा।स्थानीय लोगों ने विधायक और प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से अधूरी पड़ी आवास योजना अब जल्द पूरी होगी और बुजुर्ग दंपति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।
