रानीगंज मे 65 खनिकों के जीवनरक्षक जसवंत सिंह गिल की स्मृति में ‘गिल कप’ फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज

नई पीढ़ी को साहस और मानवता का संदेश देने का संकल्प

रानीगंज। रानीगंज के न्यू एगरा में यूनाइटेड यूथ एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित ‘गिल कप’ नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता वर्ष 1989 में महावीर कोलियरी में हुए ऐतिहासिक खदान बचाव अभियान के नायक एवं महान खनन अभियंता जसवंत सिंह गिल की स्मृति को समर्पित है। आयोजन का उद्देश्य उनके अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानव सेवा के भाव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतणु भट्टाचार्य ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा आयोजकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने का भी सशक्त मंच है। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभिक मंडल, समाजसेवी तापस तिवारी, अधिवक्ता स्वप्निल मुखर्जी, अधिवक्ता यस सिंह चौहान, अधिवक्ता दीप्तरूप मंडल, दिनेश सोनी, मनोज सर्राफ, बल्लभपुर पुलिस फाड़ी इंचार्ज पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वर्ष 1989 की उस ऐतिहासिक घटना को याद किया, जब रानीगंज की महावीर कोलियरी में कोयला खनन के दौरान अचानक भूगर्भीय जल खदान में भर जाने से पूरी खदान जलमग्न हो गई थी। इस दुर्घटना में कई श्रमिक भूमिगत फंस गए थे और उनके जीवित बचने की उम्मीद बेहद कम रह गई थी। ऐसे संकटपूर्ण समय में तत्कालीन खनन अभियंता जसवंत सिंह गिल ने अद्भुत साहस और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए एक विशेष स्टील रेस्क्यू कैप्सूल तैयार करने की योजना बनाई। मात्र 72 घंटे के भीतर तैयार किए गए इस कैप्सूल के माध्यम से उन्होंने स्वयं अपनी जान जोखिम में डालकर खदान के भीतर प्रवेश किया और एक-एक कर 65 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर नया जीवन दिया। भारतीय खनन इतिहास में यह बचाव अभियान आज भी सबसे साहसिक और सफल अभियानों में गिना जाता है। उनके इस असाधारण योगदान के लिए वर्ष 1991 में तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा उन्हें देश के प्रतिष्ठित ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित किया गया था। टूर्नामेंट की शुरुआत महिला खिलाड़ियों के बीच आयोजित एक रोमांचक प्रदर्शनी फुटबॉल मैच से हुई। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना दिया। मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।आयोजकों ने कहा कि ‘गिल कप’ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह उस महान व्यक्तित्व की स्मृति को जीवित रखने का प्रयास है, जिसने अपने कर्तव्य और मानवता को सर्वोपरि रखते हुए 65 श्रमिकों के जीवन की रक्षा की। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को जसवंत सिंह गिल के साहस, सेवा-भाव, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रतियोगिता का आयोजन निरंतर किया जाएगा, ताकि खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज के ऐसे महान नायकों के योगदान को भी लोगों तक पहुंचाया जा सके। खेल मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह, दर्शकों की मौजूदगी और सामाजिक संदेश के साथ शुरू हुआ ‘गिल कप’ क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *