दुर्गापुर भोजपुरी मंच एवं हनुमान मंदिर समिति ने प्रांतिका फांड़ी प्रभारी रवीन्द्र कुमार झा को किया सम्मानित

दुर्गापुर।  सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था भोजपुरी मंच, दुर्गापुर तथा 14-15 नंबर वार्ड हनुमान मंदिर समिति, बेनाचिति की ओर से रविवार को प्रांतिका फांड़ी के प्रभारी रवीन्द्र कुमार झा का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने उन्हें उत्तरीय ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि रवीन्द्र कुमार झा ने हाल ही में प्रांतिका फांड़ी के प्रभारी का पदभार संभाला है। वह रमीजुर रहमान के स्थान पर आये है। सामाजिक संगठनों ने उनके स्वागत के साथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय की अपेक्षा व्यक्त की। इस दौरान फांड़ी प्रभारी रवीन्द्र कुमार झा ने भोजपुरी मंच एवं हनुमान मंदिर समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के साथ विश्वास और सहयोग का संबंध स्थापित करना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा जनता के साथ खड़ी है और लोगों की सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर भोजपुरी मंच के प्रोग्राम अध्यक्ष गणेश शर्मा, उपाध्यक्ष राम आसन सिंह, संगठन सचिव प्रमोद कुमार, मनोज साव सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं 14-15 नंबर वार्ड हनुमान मंदिर समिति की ओर से उमाशंकर प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि रवीन्द्र कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस और आम जनता के बीच संवाद एवं सहयोग और अधिक मजबूत होगा, जिससे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *