‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान में सीआईएसएफ की बड़ी सफलता, 69.200 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद

छह क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, कोयला माफियाओं पर कसा शिकंजा

जामुड़िया। भारत सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज’ नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत सीआईएसएफ यूनिट ईसीएल शीतलपुर द्वारा अवैध कोयला खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। बीते 24 घंटों के दौरान विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में चलाए गए समन्वित छापामार अभियान में 69.200 मीट्रिक टन अवैध कोयला तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। बरामद कोयले का अनुमानित मूल्य 3.84 लाख रुपये से अधिक आँका गया है। सीआईएसएफ एवं ईसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर मुगमा, मोहनपुर, चित्रा, राजमहल, कुनुस्तोड़िया तथा सोनपुर बाजारी क्षेत्रों में एक साथ व्यापक अभियान चलाया।कार्रवाई के दौरान मुगमा से 42.290 मीट्रिक टन, राजमहल से 11.840 मीट्रिक टन, मोहनपुर से 9.540 मीट्रिक टन, चित्रा से 3.280 मीट्रिक टन, सोनपुर बाजारी से 1.200 मीट्रिक टन तथा कुनुस्तोरिया क्षेत्र से 1.050 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया। बरामद समस्त कोयला एमएमडीआर अधिनियम के तहत विधिवत ईसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। कमांडेंट राहुल सिंह गौतम के नेतृत्व में सीआईएसएफ यूनिट ईसीएल शीतलपुर द्वारा ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध लगातार कड़ा प्रहार किया जा रहा है। नियमित खुफिया सूचना, सघन छापेमारी तथा संयुक्त अभियानों के कारण कोयला माफियाओं पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोयले की एक-एक ढुलाई पर सतर्क निगरानी रखते हुए अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *