
जामुड़िया । पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक निजी स्पंज आयरन कारखाने में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि कारखाने का एक हिस्सा जोरदार कंपन से हिल उठा और वहां काम कर रहे श्रमिकों में भगदड़ मच गई। हादसे में करीब 15 से 20 श्रमिक घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार, यह हादसा जामुड़िया के इकड़ा औद्योगिक क्षेत्र के शेखपुर स्थित कैलस्टार स्पंज आयरन एंड प्राइवेट लिमिटेड कारखाने में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम कार्य के दौरान अचानक बॉयलर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद कारखाने के भीतर धुएं का घना गुबार फैल गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए श्रमिक इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई कर्मचारी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहीं रानीगंज से दमकल विभाग की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर भेजी गई। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की सहायता से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। हादसे की खबर फैलते ही कारखाने के बाहर स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कारखाना प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कारखाने में श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसके कारण समय-समय पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े हादसे के बावजूद कारखाना प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे राहत कार्य और घटना की जानकारी जुटाने में कठिनाई हो रही है।फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित प्रशासनिक विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह देखा जा रहा है कि कारखाने में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं तथा कहीं तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही अथवा सुरक्षा व्यवस्था में कमी इस हादसे का कारण तो नहीं बनी। एहतियात के तौर पर कारखाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दुर्घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सुरक्षा और कारखानों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि सभी औद्योगिक इकाइयों में नियमित सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। समाचार लिखे जाने तक कारखाना प्रबंधन की ओर से हादसे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
