रानीगंज मे अवैध बालू पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,बालू लदे दो डंपर किया जब्त

रानीगंज। रानीगंज थाना क्षेत्र की निमचा फाड़ी पुलिस ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दामोदर नदी के हाड़ाभांगा (हाड़ाभांगा घाट) के समीप से बालू से लदे दो डंपरों को जब्त किया है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई भी आवश्यक वैध चालान और अन्य अनिवार्य कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों डंपरों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान निमचा फाड़ी पुलिस ने दामोदर नदी के हाड़ाभांगा क्षेत्र से गुजर रहे दो बालू लदे डंपरों को रोककर उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान चालकों से बालू के स्रोत, परिवहन की अनुमति तथा संबंधित चालान और अन्य आवश्यक कागजात मांगे गए। हालांकि, पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों के चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों डंपरों को जब्त कर थाने लाया तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बालू का खनन किस स्थान से किया जा रहा था और उसका परिवहन कहां किया जा रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि परिवहन में खनन एवं परिवहन संबंधी नियमों का पालन किया गया था या नहीं,पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या अवैध बालू परिवहन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खनन एवं अन्य लागू कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वही स्थानीय प्रशासन का कहना है कि अवैध बालू खनन और बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में नियमित जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *