
व्यापार एवं उद्योग जगत के हितों से जुड़े मुद्दे उठाए, मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का दिया भरोसा
कोलकाता। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज पश्चिम बंगाल सरकार के उद्योग मंत्री तपस रॉय से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर राज्य के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कैट के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन सुभाष अग्रवाला ने किया। उनके साथ बिश्वनाथ अग्रवाला एवं सिद्धि जैन भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों और उद्यमियों के समक्ष आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों, औद्योगिक विकास में बाधा बनने वाले विभिन्न विषयों तथा व्यापार को अधिक सुगम एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव उद्योग मंत्री के समक्ष रखे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में निवेश, उद्योग और व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।
उद्योग मंत्री तपस रॉय ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापार एवं उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और व्यापारिक संगठनों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से राज्य में व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी तथा कारोबारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित होगा।
