आसनसोल के रूपनारायणपुर में भीषण अग्निकांड, कपड़ों की दुकान व तीन मंजिला मकान जलकर खाक; दंपती समेत तीन झुलसे

पूजा सीजन के लिए रखा लाखों रुपये का सामान राख, देर रात मची अफरा-तफरी; पुलिस ने शुरू की जांच

आसनसोल। पश्चिम बर्धमान जिले के सालानपुर प्रखंड अंतर्गत रूपनारायणपुर के समीप आछड़ा गांव में शुक्रवार देर रात भीषण अग्निकांड की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर एक तीन मंजिला मकान तथा उसके भूतल पर स्थित कपड़ों की दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। हादसे में मकान मालिक, उनकी पत्नी तथा एक 12 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों का उपचार आसनसोल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसनसोल-चित्तरंजन संपर्क मार्ग (सामडी रोड) पर व्यवसायी उदय घोष का तीन मंजिला मकान है। मकान के भूतल पर उनकी कपड़ों की बड़ी दुकान संचालित होती है। आगामी दुर्गापूजा के मद्देनजर दुकान में बड़ी मात्रा में नए वस्त्र और अन्य महंगे सामान का भंडारण किया गया था। बताया जाता है कि रात लगभग डेढ़ बजे अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही मकान मालिक उदय घोष नींद से जागे और साहस दिखाते हुए अंदर से दरवाजा खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि दरवाजा खुलते ही तेज लपटों और भीषण गर्मी की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी पम्पा घोष भी आग की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों के पैर घुटनों तक बुरी तरह झुलस गए। वहीं मकान में मौजूद एक 12 वर्षीय किशोर का हाथ भी गंभीर रूप से जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से तीनों घायलों को मकान की छत से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल पिठाकियारी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आसनसोल के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बच सका। कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से मकान के निचले हिस्से को भी भारी क्षति पहुंची है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि दुर्गापूजा के व्यावसायिक सीजन को ध्यान में रखते हुए उदय घोष ने हाल ही में बड़ी मात्रा में नया माल मंगाया था। एक ही रात में उनकी वर्षों की मेहनत और व्यापार में लगाया गया बड़ा निवेश आग की भेंट चढ़ गया, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *