पांडवेश्वर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, टीएमसी-भाजपा छोड़ 300 लोग पार्टी में शामिल

पांडवेश्वर। पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को कांग्रेस ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन करते हुए सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया। हरिपुर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हरिपुर, छोड़ा और डालूरबांध क्षेत्र के करीब 300 लोगों ने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का कांग्रेस का झंडा थमाकर और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष फिरोज खान, बीरभूम जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अब्दुल नईम तथा युवा कांग्रेस नेता जुबेद शेख ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के उपाध्यक्ष तरुण राय ने कहा कि कांग्रेस आम जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों पर लोगों का विश्वास कांग्रेस के प्रति लगातार बढ़ रहा है। यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष फिरोज खान ने कहा कि जिले में कांग्रेस लगातार अपना जनाधार मजबूत कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में और भी लोग कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ेंगे। बीरभूम जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अब्दुल नईम ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और संगठन को मजबूत बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव अनुपम साई ने युवाओं से संगठन के साथ जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि युवा ही देश और समाज के भविष्य की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को संगठन में उचित अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में रानीगंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सिलानंद झा, जिला युवा कांग्रेस सचिव जुबेद शेख, कांग्रेस नेता सरफराज अहमद, शाहनवाज खान, रानीगंज विधानसभा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद कमाल, उबेद शेख सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हरिपुर, छोड़ा और डालूरबांध क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी में शामिल होना क्षेत्र में कांग्रेस के बढ़ते जनाधार का संकेत है। कार्यक्रम के अंत में सभी नए सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *