
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार में विभागों के बंटवारे के बाद बुधवार को राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने नवान्न स्थित सचिवालय में लोक निर्माण विभाग (PWD) का औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ परिचयात्मक बैठक की और राज्य में सड़कों, पुलों तथा सार्वजनिक अवसंरचना के विकास एवं आधुनिकीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क, मजबूत पुल निर्माण तथा जनहित से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. पोद्दार ने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य के विकास की रीढ़ है और इसके माध्यम से आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर उन्होंने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर दो महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। इसके लिए मैं पार्टी नेतृत्व एवं माननीय मुख्यमंत्री का हृदय से आभारी हूं।”
डॉ. पोद्दार ने विश्वास दिलाया कि वे जनसेवा, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ कार्य करते हुए प्रदेश की प्रगति और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
