
डॉ. अजय कुमार पोद्दार को पीएचई और पीडब्ल्यूडी, स्वप्न दासगुप्ता बने वित्त मंत्री, निशीथ प्रामाणिक को उत्तर बंगाल विकास की जिम्मेदारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की नई सरकार ने प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से मंत्रिमंडल के विभागों का आधिकारिक आवंटन कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा जारी गजट अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री सहित 41 मंत्रियों के बीच विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां बांटी गई हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह, विद्युत, सूचना एवं संस्कृति, शरणार्थी राहत, पर्वतीय मामले सहित वे सभी विभाग अपने पास रखे हैं जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।
सरकार ने पहली बार उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय का गठन किया है, जिसकी जिम्मेदारी निशीथ प्रामाणिक को सौंपी गई है। उनके पास जल संरक्षण विभाग का दायित्व भी रहेगा। वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विपणन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अग्निमित्रा पॉल शहरी विकास एवं नगर निगम मामलों की मंत्री होंगी।
स्वप्न दासगुप्ता को राज्य का वित्त मंत्री बनाया गया है। अर्जुन सिंह को श्रम एवं परिवहन विभाग, दूध कुमार मंडल को कृषि विभाग तथा डॉ. शरद्वत मुखर्जी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
कुल्टी के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी मिली है। राज्य में पेयजल व्यवस्था, सड़क एवं आधारभूत संरचना विकास में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
अन्य प्रमुख मंत्रियों में दीपक बर्मन को स्कूली शिक्षा, आवास, एमएसएमई एवं वस्त्र विभाग, तापस रॉय को उद्योग, वाणिज्य एवं अक्षय ऊर्जा विभाग, शंकर घोष को संसदीय कार्य एवं पर्यटन विभाग तथा मनोज कुमार ओरांव को वन एवं पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
कल्याण चक्रवर्ती को सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यानिकी विभाग का प्रभार मिला है। राजेश मिश्रा पशुपालन एवं मत्स्य विभाग, मालती रेवा रॉय महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग का नेतृत्व करेंगी। वहीं इंद्रनील खान युवा एवं खेल मामलों के मंत्री बनाए गए हैं।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा को कृषि विपणन, वस्त्र तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरुप कुमार दास को सिंचाई विभाग तथा जगन्नाथ चौधरी को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग का दायित्व दिया गया है।
राज्यमंत्री स्तर पर कलिता मांझी को आवास विभाग, बिशाल लामा को गृह एवं मदरसा शिक्षा, आनंदमय बर्मन को परिवहन एवं वित्त, पूर्णिमा चक्रवर्ती को सूचना एवं संस्कृति तथा पर्यटन, कौशिक चक्रवर्ती को स्कूली शिक्षा एवं अग्निशमन सेवा, गार्गी दास घोष को विद्युत एवं अक्षय ऊर्जा तथा सुमाना सरकार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।सरकार ने प्रशासनिक दक्षता, बुनियादी ढांचे के विस्तार, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए विभागों का वितरण किया है।
