
आसनसोल। आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के आमनाला प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को तीसरी कक्षा की पढ़ाई के दौरान छत का प्लास्टर टूटकर गिरने से तीन छात्र घायल हो गए। इनमें एक छात्र के सिर में गंभीर चोट लगी और उसका सिर फट गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि विद्यालय का कुछ महीने पहले ही मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य किया गया था, इसके बावजूद यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निम्न गुणवत्ता की सामग्री से काम किए जाने के कारण यह दुर्घटना हुई है।क्षेत्रवासियों ने संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोनों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। घटना की सूचना मिलने पर बाराबनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद इलाके में भारी रोष देखा गया। वहीं, बाराबनी के विधायक अरीजीत राय भी विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
