सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को तीसरा समन जारी किया; मंगलवार शाम 5 बजे तक पेश होने को कहा

कोलकाता, 08 जून । पश्चिम बंगाल पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को तीसरा नोटिस जारी किया है। उन्हें दक्षिण कोलकाता स्थित सीआईडी मुख्यालय में मंगलवार शाम 5 बजे तक पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है।
यह मामला विधानसभा में विपक्ष के लिए नेता से जुड़े एक प्रस्ताव में कुछ तृणमूल कांग्रेस विधायकों के हस्ताक्षरों में कथित अनियमितताओं और असंगतियों की जांच से संबंधित बताया जा रहा है।
सीआईडी ने इससे पहले भी दो बार नोटिस जारी कर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। पहले नोटिस में एक जून को उपस्थित होने को कहा गया था, जिसके जवाब में अभिषेक बनर्जी ने स्वास्थ्य कारणों और चोट का हवाला देते हुए 15 दिन का समय मांगा था। इसके बाद दूसरे नोटिस में उन्हें सोमवार दोपहर 12 बजे तक पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन वे नहीं गए।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार अपराह्न को सीआईडी अधिकारियों की एक टीम उनके कोलकाता स्थित कालीघाट रोड आवास पर पहुंची और वहीं तीसरा नोटिस सौंपा गया।
बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी फिलहाल नई दिल्ली में ‘इंडी’ गठबंधन की बैठक में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ शामिल हैं। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सीआईडी के समक्ष उपस्थित होते हैं या नहीं।
इस बीच, अभिषेक बनर्जी ने सीआईडी समन को चुनौती देते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया है और किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा की मांग की है। इस याचिका पर सुनवाई 10 जून को कलकत्ता उच्च न्यायालय की अवकाशकालीन एकल पीठ में निर्धारित की गई है। इससे पहले अदालत ने शीघ्र सुनवाई की मांग खारिज कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *