हाई कोर्ट पहुंचा विधानसभा में विपक्ष के नेता का विवाद; शोभनदेव ने ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को दी चुनौती

कोलकाता, 8 जून । पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता के पद को लेकर चल रहा विवाद अब कलकत्ता उच्च न्यायालय तक पहुंच गया है। वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता और बालीगंज से विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष के नेता का दर्जा दिए जाने के फैसले को चुनौती देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

सोमवार को उनके अधिवक्ता शिशिरन्या बनर्जी ने न्यायमूर्ति कृष्णा राव की एकल पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख करते हुए शीघ्र सुनवाई की मांग की। याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा अध्यक्ष ने किसी राजनीतिक दल के पर्याप्त समर्थन के बिना विपक्ष के नेता की नियुक्ति का निर्णय लिया है, जो प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।

न्यायालय ने मामले पर संज्ञान लेते हुए सुनवाई के लिए 11 जून की तारीख निर्धारित की है। साथ ही याचिकाकर्ता को निर्देश दिया गया है कि वे मामले से संबंधित सभी पक्षों को नोटिस जारी करें।

शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने अपनी याचिका में ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष के नेता के रूप में दी गई मान्यता और उससे जुड़े निर्णय को कानूनी रूप से चुनौती दी है। इस कदम के साथ ही विधानसभा के भीतर इस पद को लेकर चल रहा राजनीतिक विवाद अब न्यायिक जांच के दायरे में आ गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *