आसनसोल उत्तर में AIMIM प्रत्याशी दानिश अज़ीज़ का सघन जनसंपर्क अभियान

घर-घर पहुंचकर मांगा समर्थन, जीत के एक वर्ष के भीतर वादे पूरे करने का किया वादा

आसनसोल। पश्चिम बंगाल के आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र संख्या 281 में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रत्याशी दानिश अज़ीज़ ने बुधवार को सेमिलिया तालाब इलाके तथा वार्ड संख्या 23 के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान दानिश अज़ीज़ ने घर-घर जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आम मतदाताओं से एआईएमआईएम के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी आम जनता के हक और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देती है। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व को मजबूत बनाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम ही वह पार्टी है जो समाज के हर वर्ग की आवाज़ को मजबूती से उठाती है और जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। दानिश अज़ीज़ ने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि एआईएमआईएम को आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट पर विजय मिलती है, तो वे जीत के एक वर्ष के भीतर अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने विकास, बुनियादी सुविधाओं में सुधार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया। इस दौरान उनके समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क कर लोगों को पार्टी की नीतियों और योजनाओं से अवगत कराया। स्थानीय लोगों ने भी उम्मीदवार का स्वागत किया और अपनी-अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। अभियान के अंत में दानिश अज़ीज़ ने एक बार फिर जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एआईएमआईएम को अवसर देना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *