आसनसोल उत्तर में तेज हुआ AIMIM का चुनावी संग्राम, दानिश अजीज का सघन जनसंपर्क अभियान

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के उम्मीदवार दानिश अजीज ने अपने चुनावी अभियान को गति देते हुए क्षेत्र में सघन जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया। इस दौरान दानिश अजीज ने आसनसोल के गुलज़ार मोहल्ला एवं बाबूतलाब इलाके में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनका समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से व्यक्तिगत स्तर पर बातचीत कर उनकी दैनिक परेशानियों—जैसे सड़क, पेयजल, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं—की जानकारी ली। इस अवसर पर दानिश अजीज ने कहा कि “जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना ही सच्ची राजनीति का मूल आधार है। जब तक जनप्रतिनिधि जनता के बीच नहीं जाएंगे, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि जनता उन्हें समर्थन देती है, तो क्षेत्र में विकास की नई दिशा स्थापित की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे AIMIM को अपना बहुमूल्य मत देकर पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा, “जनता का समर्थन ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। यदि जनता हमारे साथ खड़ी रहती है, तो हम क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखेंगे।” इस दौरान उन्होंने AIMIM के राष्ट्रीय नेतृत्व, विशेषकर असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व को सशक्त करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि AIMIM हमेशा आम जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी। जनसंपर्क अभियान में पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं समर्थक भी शामिल रहे, जो लगातार घर-घर जाकर लोगों से संपर्क स्थापित कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। पूरे इलाके में AIMIM समर्थकों के उत्साह और नारेबाजी से चुनावी वातावरण और अधिक सक्रिय हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दानिश अजीज का यह आक्रामक जनसंपर्क अभियान आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। जमीनी स्तर पर बढ़ती सक्रियता AIMIM को मजबूती प्रदान कर सकती है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाताओं का रुझान किस ओर जाता है और आगामी चुनाव परिणामों में इसका कितना प्रभाव दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *