बंगाल चुनाव से पहले तबादलों का दौर तेज, सीईओ कार्यालय के चार अधिकारी बदले

आसनसोल। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के चार अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इनमें उप मुख्य चुनाव अधिकारी (डिप्टी सीईओ), एक संयुक्त सचिव और दो अतिरिक्त सचिव शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल के निर्देश पर राज्य प्रशासन ने यह कदम उठाया है। राज्य सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, डिप्टी सीईओ सुब्रत पाल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में वरिष्ठ उप सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, इसी विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत राहुल नाथ को नया डिप्टी सीईओ नियुक्त किया गया है।
बताया गया है कि सुब्रत पाल वर्ष 2018 से डिप्टी सीईओ के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा, संयुक्त सचिव मिठु दत्त को सीईओ कार्यालय से हटाकर अल्पसंख्यक मामले एवं मदरसा शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं, सीईओ कार्यालय के अतिरिक्त सचिव नरेन्द्रनाथ दत्त को श्रम विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर भेजा गया है। एक अन्य अतिरिक्त सचिव सुप्रिय दास को भी स्थानांतरित करते हुए खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
इन तबादलों के कारणों को लेकर अब तक न तो सीईओ कार्यालय और न ही राज्य प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही राज्य में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादलों का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *