
कुल्टी। पश्चिम बंगाल-झारखंड अंतरराज्यीय सीमा पर चुनाव पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत चलाए जा रहे सघन नाका चैकिंग अभियान में प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। नेशनल हाईवे-19 स्थित डुबुरडीही चेक पोस्ट पर लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग चरणों में लाखों रुपये की नकदी बरामद कर जब्त की गई है।

पहली कार्रवाई
रविवार देर रात झारखंड से आसनसोल की ओर आ रही एक फोर-व्हीलर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 4,64,300 रुपये नकद बरामद हुए। मौके पर तैनात SST मजिस्ट्रेट, एक्साइज विभाग, केंद्रीय बल एवं चौरंगी आउटपोस्ट पुलिस की संयुक्त टीम के समक्ष वाहन सवार व्यक्ति नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके परिणामस्वरूप पूरी राशि जब्त कर ली गई।
दूसरी कार्रवाई
सोमवार प्रातः पुनः चलाए गए सर्च अभियान के दौरान एक अन्य फोर-व्हीलर से 4,00,000 रुपये नकद बरामद किए गए। प्राथमिक जांच में ज्ञात हुआ कि वाहन में सवार व्यक्ति एक चिकित्सक है, जो मैथन से कोलकाता नर्सिंग होम के लिए उपकरण खरीदने जा रहा था। हालांकि, नकदी के संबंध में वैध कागजात प्रस्तुत न कर पाने के कारण उक्त राशि को भी जब्त कर लिया गया।

चुनाव के मद्देनज़र सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी और चेकिंग अभियान को और अधिक सख्त किया गया है। अवैध धन के आवागमन पर रोक लगाने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।डुबुरडीही चेक पोस्ट पर लगातार हो रही नाका चेकिंगो से यह स्पष्ट है कि प्रशासन चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए है।
