ईद की बधाई, मंदिर में पूजा और सियासी वार—रानीगंज में कालो बरण मंडल का जोरदार प्रचार

रानीगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी कालो बरण मंडल ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए सौहार्द, धर्मनिरपेक्षता और विकास का संदेश दिया। दिन की शुरुआत उन्होंने क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर ईद की शुभकामनाएं देकर की। इस दौरान उन्होंने “धर्म व्यक्तिगत आस्था का विषय है, लेकिन त्योहार सबके होते हैं” का संदेश देते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता पर जोर दिया। इसके बाद कालो बरण मंडल रानीगंज स्थित प्रसिद्ध बड़ी माँ काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने मां काली से राज्य की निरंतर प्रगति और सरकार की मजबूती के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में विकास की गति आगे भी बनी रहेगी। वही इस दिन रानीगंज के सियारसोल राजबाड़ी के समीप तृणमूल कांग्रेस के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की संगठनात्मक पकड़ मजबूत बनी हुई है। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कालो बरण मंडल ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और आगामी चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उनके अनुसार, “इस बार पश्चिम बंगाल से भाजपा पूरी तरह साफ हो जाएगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि “दिदी भारी बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में लौटेंगी। उनकी जीत ही जनता की जीत और बंगाल की जीत होगी। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “भगवान किसी एक व्यक्ति या दल की संपत्ति नहीं हैं, और इस प्रकार की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस 250 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बर्धमान जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस जीत हासिल कर यह सफलता ‘दिदी’ को समर्पित करेगी। रानीगंज में इस व्यापक कार्यक्रम और शक्ति प्रदर्शन के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल और भी गरमा गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव नजदीक आते ही इस तरह की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होता जाएगा।इस मौके पर रानीगंज शहर तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति सिंह,बापी चक्रवर्ती,मोजमिल सहज़ादा,नेहा शाव सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *