
आसनसोल। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल गरमाते ही आसनसोल का हिरापुर इलाका सियासी टकराव का केंद्र बन गया। बर्नपुर रोड स्थित डोली लॉज इलाके में दीवार लेखन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई।
दरअसल, भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी के समर्थन में कार्यकर्ता दीवार पर चुनावी नारे लिख रहे थे, तभी टीएमसी समर्थकों ने इसे अपनी “बुक्ड दीवार” बताते हुए काम रुकवा दिया। देखते ही देखते मामूली विवाद ने सियासी रंग ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
सूचना मिलते ही कृष्णेंदु मुखर्जी खुद मौके पर पहुंचे और टीएमसी कार्यकर्ताओं से उनकी जोरदार बहस हुई। मुखर्जी ने आरोप लगाया कि मकान मालिक की अनुमति के बावजूद सत्ता के दबाव में उन्हें रोका जा रहा है।
वहीं, टीएमसी पार्षद मौसुमी बसु ने पलटवार करते हुए भाजपा पर जानबूझकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।
स्थिति बिगड़ते देख हिरापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
