बंगाल पहुंची द्रौपदी मुर्मू, सिलीगुड़ी में सिक्किम के मुख्यमंत्री से मुलाकात

 

कोलकाता। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू सोमवार शाम पश्चिम बंगाल पहुंची हैं। शाम 3:45 बजे के करीब वह उत्तर बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंची। यहां उनका स्वागत सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले ने किया। मुर्मू के साथ केंद्रीय मंत्री सह असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा मौजूद थे। हवाई अड्डे से वह सीधे सिलीगुड़ी के एक होटल पहुंची जहां सिक्किम के मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी के विधायकों के साथ उनकी बैठक हुई है। तमांग के अलावा यहां सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के 31 विधायक मौजूद थे। लोकसभा और राज्यसभा के दो सांसद भी मौजूद रहे हैं। होटल पहुंचने पर मुर्मू का ढोल नगाड़ा और शहनाई बजाकर स्वागत किया गया। अंग वस्त्र पहनाकर उन्हें होटल के अंदर ले जाया गया है। यहां सिक्किम के नेताओं के अलावा सिलीगुड़ी के भाजपा नेता भी मौजूद थे। करीब दो घंटे तक यहां विधायकों के साथ बैठक के बाद द्रौपदी मुर्मू कोलकाता के लिए रवाना हुईं। यहां दमदम हवाई अड्डे पर उतरने के बाद न्यूटाउन के एक पांच सितारा होटल में वह ठहरी हुई हैं। कल यानी मंगलवार सुबह 8:30 बजे शिमला स्ट्रीट स्थित स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास पर जाकर वह श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद सुबह 10:00 बजे भाजपा विधायकों के साथ उनकी बैठक होनी है। सूत्रों ने बताया है कि पार्टी नेताओं से मुलाकात के बाद वह कोलकाता से वापस लौट जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति का चुनाव होना है। मुर्मू के खिलाफ विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा हैं जिनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हीं दिया था। हालांकि मौजूदा आंकड़े बताते हैं कि भारत के अगले राष्ट्रपति के तौर पर मुर्मू की जीत लगभग सुनिश्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?