
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा अंतर्गत डोबराना इलाके स्थित डोबराना मोड़ पर रविवार को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि-पूजन एवं आधारशिला रखे जाने का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर जामुड़िया ब्लॉक दो अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार युवाओं को राष्ट्र निर्माण, मानव सेवा और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वही इस मौके पर सिद्धार्थ राणा ने कहां डोबराना मोड़ पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों, विशेषकर युवाओं को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा मिलेगी। साथ ही यह स्थान सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र भी बनेगा। वही कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में सकारात्मक संदेश फैलता है और नई पीढ़ी को महान व्यक्तित्वों के बारे में जानने का अवसर मिलता है। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
