बंगला पक्ष ने रानीगंज में आयोजित की ‘इख्तियार पार्टी’, बंगाली मुसलमानों को जिहादी कहने के खिलाफ जताया कड़ा विरोध

रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में बंगला पक्ष की ओर से एक विशेष कार्यक्रम ‘इख्तियार पार्टी’ का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में बंगाली मुसलमानों को जिहादी कहकर अपमानित करने के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया और इसे बंगाल की सामाजिक सद्भावना पर हमला बताया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बंगला पक्ष के जिला सचिव अक्षय बंद्योपाध्याय, रानीगंज विधानसभा सचिव राजा बंद्योपाध्याय, जामुड़िया विधानसभा सचिव प्रोफेसर सौविक चट्टोपाध्याय, जामुड़िया विधानसभा के सह सचिव नाफिस मलिक एवं सौमितरो चतर्जी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उपस्थित नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बंगाल की संस्कृति हमेशा से भाईचारे, सहिष्णुता और एकता की मिसाल रही है। वक्ताओं ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व और राजनीतिक स्वार्थ के कारण समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश की जा रही है। खास तौर पर बंगाली मुसलमानों को “जिहादी” कहकर संबोधित करना न केवल अपमानजनक है, बल्कि इससे समाज में नफरत फैलाने का प्रयास भी किया जा रहा है। बंगला पक्ष के नेताओं ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ऐसे बयान देने वालों की कड़ी आलोचना की। जिला सचिव अक्षय बंद्योपाध्याय ने कहा कि बंगाल की पहचान उसकी बहुलतावादी संस्कृति और साम्प्रदायिक सौहार्द से है। किसी भी समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना निंदनीय है और इससे समाज में तनाव पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि बंगला पक्ष इस तरह की मानसिकता के खिलाफ हमेशा आवाज उठाता रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद अन्य नेताओं ने भी कहा कि बंगाल में सभी समुदायों के लोग सदियों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। बंगाली मुसलमानों को जिहादी कहने जैसी मानसिकता को समाज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता, सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया तथा लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भड़काऊ और विभाजनकारी राजनीति से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *