
पांडवेश्वर। पांडवेश्वर मे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-60 पर खोट्टाडीह मोड़ मे रविवार की सुबह एक बड़े सड़क हादसे का साक्षी बना। सुबह लगभग साढ़े छह बजे एक यात्री बस और राख से लदे डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और बस में सवार दर्जनों यात्री सुरक्षित बच गए। वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर तेज गति से आ रहा था और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना घटित हुई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। इसी बीच डंपर का चालक और खलासी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड एवं स्थानीय थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया तथा बस में सवार सभी यात्रियों की कुशलक्षेम पूछी। सौभाग्यवश किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस और डंपर को कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को सड़क से हटवाया। जिसके पश्चात यातायात सामान्य रूप से चालू हो सका।
स्थानीय निवासियों ने खोट्टाडीह मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मोड़ अत्यंत खतरनाक है और यहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर शीघ्र ही स्पीड ब्रेकर (बंपर) का निर्माण कराया जाए तथा चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। वही पुलिस इस मामले की जांच में जुट कर रही है और फरार चालक एवं खलासी की तलाश की जा रही है।
