आसनसोल में लियोनेल मेसी की आदमकद मोम प्रतिमा का अनावरण, मंत्री मलय घटक ने कहा—पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

आसनसोल। आसनसोल के प्रसिद्ध मूर्तिकार सुशांत राय के वैक्स म्यूजियम में आज विश्वविख्यात फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी की आदमकद मोम प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस विशेष अवसर पर राज्य के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विधिवत रूप से प्रतिमा का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर अभिजीत घटक तथा एमआईसी गुरदास चटर्जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री मलय घटक ने अपने संबोधन में मूर्तिकार सुशांत राय की कला-कौशल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि मेसी जैसी विश्वप्रसिद्ध हस्ती की सजीव प्रतीत होने वाली प्रतिमा का निर्माण आसनसोल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहल से शहर के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और युवा पीढ़ी को खेल एवं कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त होगी।
प्रतिमा का निर्माण अत्यंत सूक्ष्मता और बारीकी के साथ किया गया है। मेसी के चेहरे के भाव, शारीरिक बनावट, जर्सी की शैली तथा उनके विशिष्ट हाव-भाव को इतनी सजीवता से उकेरा गया है कि दर्शक पहली नजर में इसे वास्तविक समझ बैठते हैं। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही उपस्थित लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। फुटबॉल प्रेमियों और युवाओं में ‘मेसी’ के साथ तस्वीर लेने की होड़ मच गई और सेल्फी लेने का विशेष उत्साह देखने को मिला। मूर्तिकार सुशांत राय ने बताया कि इस प्रतिमा को तैयार करने में कई महीनों का समय और गहन अध्ययन लगा। उन्होंने मेसी के विभिन्न मैचों के चित्रों और वीडियो का अध्ययन कर उनके व्यक्तित्व की सटीक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने संग्रहालय का अवलोकन किया और अन्य मोम प्रतिमाओं की भी सराहना की। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह वैक्स म्यूजियम आने वाले समय में आसनसोल के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा और खेलप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *