अंडाल के हरिपुर गायघाटा से 18 दिनों से लापता युवती, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

अंडाल। अंडाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर गायघाटा इलाके से 19 वर्षीय प्रगति कुमारी मौर्या के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। बीते 2 फरवरी से लापता युवती का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक पुलिस के द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रेस वार्ता कर मां ने उठाई आवाज

लापता युवती की मां संगीता मौर्या ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी बेटी की गुमशुदगी का मामला सार्वजनिक किया। उन्होंने भावुक स्वर में बताया कि उनकी बेटी 2 फरवरी से लापता है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से न तो कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है और न ही जांच में किसी ठोस प्रगति की सूचना मिली है।संगीता मौर्या का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, परंतु 18 दिन बीत जाने के बावजूद उनकी बेटी का कोई पता नहीं चल पाया है।

पहले भी मिली थी धमकी

परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले इलाके का एक युवक अभय पासवान उनके घर में घुस आया था और उनकी बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की थी। युवती द्वारा मना करने पर उसने कथित रूप से परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
परिवार का दावा है कि इस घटना की जानकारी भी स्थानीय स्तर पर दी गई थी, लेकिन उस समय कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।

घर लौटे तो बेटी थी गायब

परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों के लिए वे लोग घर से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनकी बेटी घर में मौजूद नहीं है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। परिवार का आरोप है कि उसी समय से अभय पासवान भी अपने घर से लापता है, जिससे संदेह और गहरा गया है। इसके बाद परिजनों ने वन बहाल पहाड़ी तथा अंडाल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

अब तक नहीं मिला कोई सुराग

घटना के 18 दिन बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार बेहद चिंतित और व्यथित है। परिजनों का कहना है कि पुलिस की ओर से अब तक न तो संदिग्ध युवक की तलाश में कोई ठोस कार्रवाई दिखाई दी है और न ही जांच की प्रगति के बारे में उन्हें संतोषजनक जानकारी दी गई है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर युवती की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने आरोपित युवक की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की है।

इस घटना को लेकर इलाके में बढ़ी चिंता

वही इस मामले को लेकर हरिपुर गायघाटा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।
अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और लापता युवती को कब तक खोज निकालने में सफलता मिलती है। परिजन फिलहाल न्याय और अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *