जामुड़िया में वाईएमएमसी क्लब की सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न, रानीगंज की टीम बनी विजेता

जामुड़िया। जामुड़िया के वाईएमएमसी क्लब की ओर से आजाद स्पोर्टिंग ग्राउंड में आयोजित सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खेल प्रेमियों की मौजूदगी में खेले गए इस फाइनल मैच में रानीगंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोमोहनी की ओशिका एकादश को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच रानीगंज और दोमोहनी की ओशिका एकादश के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया था, जिसका असर फाइनल मुकाबले में भी देखने को मिला। मैच काफी रोमांचक रहा और अंतिम क्षणों तक दर्शकों की उत्सुकता बनी रही। आखिरकार रानीगंज की टीम ने संयमित और आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमित को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में लगातार शानदार खेल दिखाने के लिए दोमोहनी की ओशिका एकादश के विकी सिन्हा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
वही फाइनल मुकाबले के अवसर पर जामुड़िया बोरो चेयरमैन शेख शानदार, समाजसेवी शेख दिलदार, युवा टीएमसी नेता प्रेमपाल सिंह, महमूद रशीद उर्फ मतलु, अख्तर रयान उर्फ बड़कू, डॉक्टर जहीर आलम, गोपी धीवर, मुदस्सर नजर उर्फ मिंटू, मौलाना हबीबुल्लाह मिस्बाही, मौलाना जमीरउद्दीन, ताज खान, जीतू, मोहम्मद रफीक खान, मोहम्मद साजिद जारा सहित क्लब के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें आमंत्रित अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान वाईएमएमसी क्लब की ओर से सभी अतिथियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। शेख शानदार ने की आयोजन की सराहना
इस अवसर पर शेख शानदार ने अपने संबोधन में कहा कि वाईएमएमसी क्लब द्वारा जिस तरह से इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जामुड़िया जैसे क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को उचित मंच नहीं मिल पाता। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि खेलकूद समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं समाज में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देती हैं। यदि भविष्य में क्लब को किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी तो वे क्षेत्र के युवाओं के विकास के लिए हर संभव मदद को तैयार रहेंगे। वाईएमएमसी क्लब के सदस्य मोहम्मद आरजू जारा ने बताया कि आजाद स्पोर्टिंग ग्राउंड में हर वर्ष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता था, लेकिन पिछले दो वर्षों से किसी कारणवश यहां कोई आयोजन नहीं हो सका। ऐसे में क्लब के सदस्यों ने मिलकर पुनः क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना और खेल के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया तथा भरोसा जताया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर जारी रहेंगे। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और अनुशासन देखने को मिला। खिलाड़ियों ने आपसी सौहार्द और प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता ने न केवल क्षेत्र के युवाओं को मंच दिया, बल्कि समाज में एकता और उत्साह का संदेश भी दिया। वही सात दिनों तक चले इस क्रिकेट महाकुंभ का समापन उत्साह और उल्लास के साथ हुआ,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *