धौली एक्सप्रेस में आरपीएफ की आकस्मिक जांच, अवैध विक्रेता पकड़ा गया

खड़गपुर, 13 फरवरी । यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा तथा ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने खड़गपुर मंडल के अंतर्गत ट्रेन संख्या 12821 धौली एक्सप्रेस में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ खड़गपुर प्रकाश कुमार पांडा के नेतृत्व में शुक्रवार को खड़गपुर से बालेश्वर के बीच चल रही धौली एक्सप्रेस में आरपीएफ स्टाफ एवं एस्कॉर्ट पार्टी के साथ औचक जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान ट्रेन के भीतर एक अवैध विक्रेता को पकड़ा गया। संबंधित व्यक्ति को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जलेश्वर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।
जांच अभियान के दौरान कैटरिंग सेवा तथा ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सेवा (ओबीएचएस) सहित विभिन्न ऑनबोर्ड व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल ने ड्यूटी पर तैनात एसी मैकेनिक, ट्रैवलिंग टिकट परीक्षक (टीटीई), कैटरिंग प्रबंधक तथा यात्रियों से संवाद कर सेवा गुणवत्ता, सुरक्षा और सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
खड़गपुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *