आसनसोल में परित्यक्त रेलवे क्वार्टर में आग, कोई हताहत नहीं

आसनसोल। सोमवार रात्रि आसनसोल के दक्षिण थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरजा मोड़ ट्रक स्टैंड के पीछे, विशप हाउस के समीप स्थित एक परित्यक्त (खाली) रेलवे क्वार्टर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं दमकल विभाग की गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त खाली रेलवे क्वार्टर में लंबे समय से सूखा कूड़ा-कचरा और पत्ते जमा थे। प्रारंभिक अनुमान है कि किसी चिंगारी के कारण सूखे कचरे में आग लगी, जिसने बाद में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
फिलहाल, दमकल विभाग एवं पुलिस द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *