दुर्गापुर से ‘सोनार बांग्ला’ का शंखनाद

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का बंगाल दौरा, काली मंदिर में पूजा से ‘डिजिटल वॉरियर’ अभियान तक

दुर्गापुर।पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को दुर्गापुर स्थित ऐतिहासिक भिरिंगी श्मशान काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माँ काली से देश एवं बंगाल की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री एवं पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय भी उनके साथ उपस्थित रहे।
पूजा उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा, विधायक लखन घुरुई, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डिजिटल वॉरियर’ अभियान का शुभारंभ
देश-विदेश के बंगालियों को जोड़ने की ऐतिहासिक पहल दौरे के दूसरे दिन दुर्गापुर में आयोजित बर्दवान विभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान नितिन नबीन ने ‘डिजिटल वॉरियर’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे बंगालियों को डिजिटल माध्यम से जोड़कर राज्य की वास्तविक स्थिति को जन-जन तक पहुँचाना है।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, वसूली और तुष्टिकरण का गढ़ बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर टीएमसी सरकार की विफलताओं को उजागर करें और जनता को सच्चाई से अवगत कराएँ।

घुसपैठ, उद्योग और युवाओं के भविष्य पर स्पष्ट संदेश
घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बंगाल की धरती पर घुसपैठियों का कोई अधिकार नहीं है और भाजपा राज्य को कभी भी बांग्लादेश की राह पर नहीं जाने देगी।
औद्योगिक हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि दुर्गापुर जैसे औद्योगिक शहरों में विकास ठप है, जिससे युवा वर्ग पलायन को मजबूर हो रहा है।उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा को अवसर देगी और बंगाल में पुनः ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार किया जाएगा।

भव्य स्वागत और संगठनात्मक बैठक
इससे पूर्व रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली में भाजपा जिलाध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। पंजाबी मोड़ से निकाली गई बाइक रैली ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया।
दौरे के दौरान नितिन नबीन ने आसनसोल सांगठनिक जिला के पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक कर चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में है और बूथ सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बंगाल को चाहिए सशक्त नेतृत्व और स्पष्ट दिशा
कभी ज्ञान और संस्कृति से विश्व का मार्गदर्शन करने वाला बंगाल आज ममता सरकार के कुशासन और तुष्टिकरण की राजनीति के दबाव में खड़ा है। दुर्गा पूजा जैसे पावन पर्व पर रोक, राजनीतिक स्वार्थ में अजान को बढ़ावा, उद्योगों का ठप होना, शिक्षा की गिरती गुणवत्ता और महिलाओं व आम नागरिकों की सुरक्षा — ये सभी आज गंभीर चिंता का विषय हैं।ऐसे समय में बंगाल एक बार फिर सशक्त नेतृत्व और निर्णायक दिशा की प्रतीक्षा कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *