आसनसोल में बालू माफियाओं के खिलाफ विरोध तेज, भाजपा नेताओं पर एफआईआर से सियासत गरमाई गिरफ़्तारी की मांग

आसनसोल। आसनसोल के डामरा और तीराट इलाके में बालू माफियाओं द्वारा आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल पर हमले की कोशिश का आरोप लगा है। इस घटना के विरोध में विधायक अग्निमित्रा पाल और उनके समर्थकों ने लगातार विरोध प्रदर्शन किया और कई स्थानों पर सड़क जाम भी किया। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान तीन बैरिकेड तोड़कर भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़े। आरोप है कि इस झड़प में कई पुलिसकर्मी और भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए। घटना के बाद पुलिस ने भाजपा नेता सोमनाथ मंडल, पंकज दास, संगीता नोनिया, सैकत हाजरा, संतोष भगत, मुनमुन सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। सत्तापक्ष की ओर से आसनसोल दक्षिण शहर विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं आसनसोल नगर निगम वार्ड नंबर 6 के अध्यक्ष ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। तृणमूल कांग्रेस ने भी भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं पर लगातार पुलिस केस दर्ज किए जा रहे हैं, क्योंकि भाजपा बालू माफिया और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से भाजपा की आवाज दबने वाली नहीं है, बल्कि विरोध और अधिक बुलंद होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *