
जामुड़िया। स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार देने और गांव की बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर जामुड़िया थाना क्षेत्र के चुरुलिया ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। विरोध के कारण खदान का कामकाज कुछ समय के लिए बाधित रहा। ग्रामीणों ने खदान प्रबंधन से स्थानीय युवकों को रोजगार देने के साथ गांव की सड़कों की सफाई और जर्जर रास्तों की मरम्मत कराने की मांग की। जानकारी के अनुसार, विभिन्न मांगों को लेकर ग्रामीण चुरुलिया ओसीपी के सामने एकत्र हुए और नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में खनन गतिविधियां संचालित होने के बावजूद स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। इसके अलावा गांव की सड़कों की नियमित सफाई और खराब ग्रामीण रास्तों की मरम्मत भी आवश्यक है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और उन पर विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। विरोध के कारण बाधित हुआ खदान का कामकाज भी फिर से शुरू हो गया।
